महिला मित्र के साथ होटल पहुंचा था युवक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कानपुर। शहर के किदवईनगर थाना क्षेत्र स्थित साकेतनगर के एक होटल में शनिवार को कांग्रेस नेता के इंजीनियर बेटे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कर्नलगंज के तलाक महल निवासी 32 वर्षीय गयास खान के रूप में हुई है। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हाजी मोहम्मद फजल खान का पुत्र था। परिजनों के अनुसार गयास ने पुणे से बीटेक की पढ़ाई की थी और दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पिछले छह महीनों से वह घर से ही काम कर रहा था। शुक्रवार को वह दोस्तों के साथ जाने और रात में घर न लौटने की बात कहकर निकला था। पुलिस के मुताबिक गयास ने शुक्रवार को साकेतनगर स्थित अमन पैराडाइज होटल में कमरा बुक कराया था। होटल प्रबंधन के अनुसार वह दोपहर में एक महिला मित्र के साथ होटल पहुंचा था। शाम करीब साढ़े सात बजे वह महिला मित्र को होटल से बाहर छोड़ने गया और कुछ देर बाद वापस अपने कमरे में लौट आया। उसने देर शाम ऑनलाइन भोजन भी मंगवाया था। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने कई बार दस्तक दी। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मास्टर की की सहायता से कमरा खुलवाया, जहां गयास का शव चादर के सहारे पंखे से लटका मिला। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव के पैर घुटनों से मुड़े हुए थे, जिससे उन्हें आत्महत्या की कहानी पर संदेह है। किदवईनगर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने कमरे से शराब की बोतल और सिगरेट का पैकेट भी बरामद किया है। साथ ही होटल की डीवीआर कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। महिला मित्र की तलाश की जा रही है, जिससे पूछताछ के बाद मामले के कई पहलुओं पर प्रकाश पड़ सकता है।





