तेज रफ्तार कार का कहर, चेकिंग कर रही पुलिस टीम को मारी टक्कर; सात पुलिसकर्मी घायल

Youth India Times
By -
0



दो सगे भाई गिरफ्तार, पुलिस वाहनों को हुआ भारी नुकसान

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस चेकिंग के दौरान जमकर कहर बरपाया। दिल्ली रोड पर वाहन जांच में जुटी पुलिस टीम को कार ने टक्कर मार दी, जिससे सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में पुलिस की सेकेंड मोबाइल, फैंटम और पीआरवी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना पुलिस शनिवार रात दिल्ली रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। देर रात करीब दो बजे माधवपुरम स्थित हनुमान मंदिर के पास फैंटम और पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मी आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली चुंगी की ओर से तेज गति से आ रही एक इनोवा कार ने पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हेड कांस्टेबल रविंद्र मलिक के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि सिपाही कपिल भाटी के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गए। इसके अलावा हेड कांस्टेबल अजय, लोकेंद्र तथा सिपाही सत्येंद्र और विक्रम समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घटना के बाद इनोवा के पीछे चल रही एक थार कार मौके पर पहुंची। आरोप है कि थार सवार युवक ने इनोवा चालक को बचाने और मौके से निकालने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों और राहगीरों ने चालक को पकड़ लिया। इस दौरान लोगों और थार सवार युवक के बीच कहासुनी भी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में नमन जौली (37) और अमन जौली (35), निवासी सुपरटेक पाम ग्रीन, बिजलीबंबा रोड को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना में प्रयुक्त इनोवा और थार वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, शिकायत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। ब्रह्मपुरी क्षेत्राधिकारी सौम्या अस्थाना ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)