"विश्व कल्याण, ज्ञान और शांति के लिए योग" थीम पर जाफरपुर, मुबारकपुर, फरिहा और भिवंडी शाखाओं में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
आजमगढ़। सीपीएस ग्रुप आफ स्कूल की जाफरपुर, मुबारकपुर, फरिहा (आजमगढ़) तथा भिवंडी (महाराष्ट्र) शाखाओं में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम "विश्व कल्याण, ज्ञान और शांति के लिए योग" रही, जिसके अंतर्गत विद्यालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्या, शिक्षकगण तथा अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के महत्व पर कार्यशाला आयोजित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। विद्यालय के संस्थापक जनाब अयाज अहमद खान ने अपने संबोधन में कहा कि योग जीवन में नई चेतना, ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, निरोग और दीघार्यु जीवन प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने योग को अपने जीवन में अपनाने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।




