समाजवादी पार्टी में संभावित टूट और नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चा पर किया बड़ा व्यंग
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी में संभावित टूट और नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और उसके पास पर्याप्त योग्य कार्यकर्ता हैं, इसलिए किसी अन्य दल के नेताओं को शामिल करने की आवश्यकता नहीं है। शनिवार को प्रयागराज दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने सुभासपा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के कई सांसद और विधायक उनके संपर्क में हैं। केशव मौर्य ने कहा कि ऐसे दावों में कोई सच्चाई नहीं है और यह केवल राजनीतिक चर्चा का विषय भर है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा विधायकों के दल बदलने संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि राजनीति में समय सबसे बड़ा जवाब देता है। सही समय आने पर सारी तस्वीर साफ हो जाएगी। करणी सेना के हालिया विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जुड़े लोगों को अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना विषय की गंभीरता समझे बयान दे देते हैं। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित गबन के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है। जांच पूरी होने के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने दावा किया कि इस बार 100 में 80 सीटें हमारी होगी बाकी में अन्य दलों का बंटवारा होगा।





