आजमगढ़ : दवा दुकानों पर एफडीए का छापा, 10 मेडिकल स्टोरों से लिए गए दवाओं के सैंपल

Youth India Times
By -
0




लखनऊ मुख्यालय के निर्देश पर चली जांच, प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
अचानक हुई इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में मचा हड़कंप
रिपोर्ट-आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग ने सोमवार को फूलपुर क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाते हुए 10 मेडिकल स्टोरों से विभिन्न दवाओं के नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। यह कार्रवाई लखनऊ मुख्यालय के निर्देश पर गोरखपुर मंडल के सहायक आयुक्त (औषधि) संदीप गुप्ता के निर्देशन में की गई। जांच टीम में गोरखपुर के ड्रग इंस्पेक्टर सिद्धेश्वर शुक्ला, जौनपुर के रजत पांडेय, कुशीनगर के दीपक पांडेय तथा मऊ के आशुतोष चौबे सहित विभिन्न जनपदों के औषधि निरीक्षक शामिल रहे। संयुक्त टीम ने फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित मेडिकल स्टोरों सहित नगर क्षेत्र की विभिन्न दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दवाओं के भंडारण की व्यवस्था, बिक्री रजिस्टर, लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की दवाओं के दर्जनों नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि जांच की सूचना मिलते ही कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से चले गए। हालांकि टीम ने निर्धारित दुकानों की जांच पूरी की और आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला जांच में यदि कोई दवा मानक के अनुरूप नहीं पाई जाती है अथवा प्रतिबंधित या संदिग्ध दवा मिलने की पुष्टि होती है तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर दवा बिक्री लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने वाले मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)