1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते के भुगतान और एरियर जारी करने को लेकर टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में प्रदर्शन, 100 से अधिक पेंशनर हुए शामिल
आजमगढ़। 1 जनवरी 2026 से देय IDA (महंगाई भत्ता) वृद्धि को तत्काल लागू करने तथा जनवरी से मार्च 2026 तक का बकाया भुगतान किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को आजमगढ़ टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में BSNL पेंशनरों और कर्मचारियों ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बावजूद 100 से अधिक पेंशनरों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शन में भाग लिया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। धरना कार्यक्रम ऑल इंडिया BSNL पेंशनर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AIBPWA) और ऑल इंडिया BSNL पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AIBSNLPWA) के संयुक्त आह्वान पर आयोजित किया गया। वहीं, पेंशनरों के समर्थन में ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ BSNL (AUAB) ने लंच आवर में मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता दिखाई। धरने को संबोधित करते हुए BSNLEU के सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा कि BSNL प्रबंधन 8 मई को IDA संबंधी फाइल दूरसंचार विभाग (DoT) को भेज चुका है, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि AICPI के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 3.2 प्रतिशत IDA बनता है और यदि जल्द एरियर सहित भुगतान नहीं हुआ तो AUAB देशव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करेगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक उद्यम विभाग (DPE) द्वारा 27 फरवरी 2026 को जारी आदेश में विवादित प्रावधान जोड़ दिए जाने से समस्या उत्पन्न हुई। बाद में 24 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में उस प्रावधान को हटाया गया, लेकिन इसके बावजूद दूरसंचार मंत्रालय द्वारा अब तक IDA वृद्धि लागू नहीं की गई है। धरने में वक्ताओं ने मांग की कि 1 जनवरी 2026 से देय IDA वृद्धि तत्काल लागू की जाए, जनवरी से मार्च 2026 तक का बकाया भुगतान किया जाए तथा CCA कार्यालय को पूर्व की तरह स्वतंत्र रूप से IDA जारी करने की व्यवस्था बहाल की जाए। धरने में मुख्य रूप से कामता प्रसाद, सुखारी प्रसाद, रामलगन यादव, लालजी यादव, गुलाब राय, लालजी श्रीवास्तव, दरोगा लाल श्रीवास्तव, जुलाई राम यादव, राज किशोर यादव, अरविंद मौर्य, राज मंगल यादव, विश्वनाथ यादव, एल.के. यादव और राजेंद्र प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पेंशनर एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।






