संगठन पदाधिकारियों ने दी बधाई, युवा शक्ति को मजबूत करने की जताई उम्मीद
आजमगढ़। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने जनपद के शिवम तिवारी को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सिधारी स्थित उनके आवास पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. सुभाष चन्द्र तिवारी ‘कुन्दन’ और राष्ट्रीय संगठन मंत्री पं. संजय कुमार पांडेय ‘सरस’ ने माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिवम तिवारी की सक्रियता और सामाजिक कार्यों में उनकी भागीदारी को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में संगठन का युवा प्रकोष्ठ और अधिक मजबूत होगा। प्रदेश अध्यक्ष शर्मानंद पांडेय और जिलाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने भी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शिवम तिवारी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने ब्राह्मण समाज की एकता, संस्कार और राष्ट्रीयता को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर सत्य प्रकाश तिवारी, महंत संजय पांडेय, बंशीधर पाठक, अजय पांडेय, अशोक तिवारी, पंचदेव पांडेय, मनोज पांडेय, सोनू, मोनू, राजेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






