आजमगढ़ : यक्ष ऐप और फेस रिकग्निशन की मदद से फरार हत्या आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0




25 हजार का इनामी बंदी मेडिकल के दौरान हुआ था फरार
आजमगढ़। जनपद पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना रौनापार पुलिस ने यक्ष ऐप और फेस रिकग्निशन तकनीक की मदद से हत्या के मामले में फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 12 दिसंबर 2025 को जिला कारागार आजमगढ़ के जेलर अनिल कुमार पाण्डेय की तहरीर पर कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें बताया गया था कि हत्या के मामले में निरुद्ध बंदी उदय पुत्र जसवंत, निवासी अमीना नगर पादरी बाजार थाना शाहपुर जनपद गोरखपुर, मेडिकल परीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय से बंदी रक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने धारा 261/262 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर 1 मई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में विकसित यक्ष ऐप से मिले अलर्ट के आधार पर रौनापार थाना पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए 3 मई 2026 को सुबह करीब 8:15 बजे हैदराबाद बंधा चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उदय (उम्र लगभग 49 वर्ष) के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता गोरखपुर जबकि स्थायी पता अहमदाबाद (गुजरात) बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। अभियुक्त के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, कांस्टेबल अवधेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल सचिन कुमार गुप्ता और महिला कांस्टेबल रत्नावली कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)