प्रेम संबंध का खौफनाक अंत: किशोरी की हत्या के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

Youth India Times
By -
0




दूर के रिश्तेदारों के बीच थे प्रेम संबंध, परिजनों के विरोध और दूरी बढ़ने के बाद हुई वारदात

दोनों के मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस
कानपुर। कानपुर देहात में प्रेम संबंध का एक दर्दनाक और खौफनाक अंत सामने आया है। प्रेमिका से दूरी बढ़ने और परिजनों के विरोध के बाद युवक ने पहले किशोरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है और दोनों के मोबाइल फोन खंगाले जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अकारू गांव निवासी सोनेलाल निसंतान थे। करीब डेढ़ साल पहले तबीयत खराब होने पर उनका भांजा शिशुपाल उनकी देखरेख के लिए उनके घर आकर रहने लगा था। इसी दौरान मामा के घर से सटे मकान में रहने वाली दूर की रिश्तेदार किशोरी से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बताया गया कि करीब छह माह पहले दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को हो गई थी। इसके बाद परिवार वालों ने किशोरी को समझाया, जिस पर उसने शिशुपाल से बातचीत बंद कर दी। किशोरी की मां के अनुसार शिशुपाल लगातार धमकी देता था कि वह बेटी की डोली नहीं उठने देगा। सोमवार को भी उसने ऐसी ही धमकी दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मंगलवार को दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें युवक और किशोरी को अलग रहने के लिए राजी कराया गया था। इसके कुछ ही समय बाद वारदात हो गई। पुलिस के अनुसार युवक ने किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत अत्यधिक रक्तस्राव से होना सामने आया है। गर्दन पर गहरे घाव मिले हैं और ट्रैकिया कट गई थी। वहीं युवक की मौत फांसी लगाने से दम घुटने के कारण हुई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। शिशुपाल के परिजनों ने बताया कि वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मामा की बीमारी के दौरान उनकी सेवा के लिए गांव आया था। मामा की मौत के बाद वह वहीं रहने लगा था और अपने गांव कम ही आता था। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना सब्जी काटने वाला चाकू बरामद हुआ है। साथ ही युवक और किशोरी के मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं। एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि दोनों मोबाइलों की जांच कराई जाएगी ताकि घटना के पीछे के सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)