सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर विवाद, विधायक पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; कई आरोपी हिरासत में
अमेठी। अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर मंगलवार देर शाम कथित तौर पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि दो स्कॉर्पियो समेत कई वाहनों से पहुंचे लाठी-डंडों से लैस दबंगों ने घर में मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर विधायक परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ था। घटना में शामिल आरोपियों को समाजवादी पार्टी से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद विधायक समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग विधायक आवास पर जुट गए। आरोप है कि रात करीब आठ बजे दो स्कॉर्पियो और कई मोटरसाइकिलों से पहुंचे लोगों ने विधायक आवास के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। घर के बाहर मौजूद लोगों के साथ अभद्रता की गई तथा विरोध करने पर विधायक के भतीजे और घर में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के बाद आरोपी वहां से चले गए। घटना की सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने कोतवाली में तहरीर देकर शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रातभर आरोपियों की तलाश में दबिश दी। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं अनुराग प्रजापति ने मुख्यमंत्री से मामले में न्याय दिलाने की मांग करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव से आरोपियों को पार्टी से निष्कासित कर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।






