आजमगढ़ : पेट्रोल पम्प दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

Youth India Times
By -
0




11 लाख से अधिक रुपये हड़पने का आरोप, कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

आजमगढ़। पेट्रोल पम्प संचालन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्षिरामपुर निवासी राजेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पुत्र ज्ञानेश चन्द सिंह ग्राम्य विकास बैंक शाखा बांसगांव में कार्यरत हैं। वहीं पर कार्यरत राणा प्रताप चौरसिया के माध्यम से उनकी पहचान देवरिया जनपद निवासी अम्बरीश कुमार से हुई। अम्बरीश कुमार ने खुद को देवरिया के घुसवा चौराहा शिशवा रोड स्थित अनन्या फिलिंग स्टेशन बीपीसीएल का संचालक बताते हुए पेट्रोल पम्प संचालन के लिए साझेदारी का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि बातचीत के दौरान 12 लाख रुपये एडवांस देने की बात तय हुई, जिसके बाद राजेन्द्र सिंह और उनके पुत्र ने अलग-अलग तिथियों में बैंक खाते और चेक के माध्यम से आरोपी को करीब 11 लाख रुपये से अधिक की धनराशि दे दी। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार पेट्रोल पम्प संचालन देने की बात टालता रहा। पीड़ित के अनुसार, काफी समय बीत जाने के बाद जब पेट्रोल पम्प नहीं मिला तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपी ने दिसंबर 2025 में केवल 30 हजार रुपये वापस किए और बाकी धनराशि लौटाने से इनकार कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी अम्बरीश कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बैंक लेनदेन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)