एनएच-4 पार करते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना गोसाई की बाजार क्षेत्र के नंद पेट्रोल पंप के पास एनएच-4 मार्ग पर हुई, जहां स्विफ्ट कार की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार पर भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी लिखा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रोहुआ निवासी दलसिंगार राम (50) पुत्र दुखीराम सोमवार सुबह करीब 8 बजे साइकिल से गोसाई की बाजार स्थित अपनी सिलाई की दुकान पर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि नंद पेट्रोल पंप के पास एनएच-4 मार्ग पार करते समय तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इसी दौरान उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वाहन चालक को कार सहित हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। मृतक दलसिंगार राम गोसाई की बाजार में कपड़े सिलने का कार्य करते थे। वह चार पुत्रों के पिता थे, जिनमें बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस बावत गंभीरपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि कार चालक को कार सहित हिरासत में ले लिया गया है।






