आजमगढ़ : बारात में हुई हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





पुलिस ने चाकू, डंडा व लोहे की रॉड किया बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में बारात के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव निवासी राजेश निषाद ने जीयनपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बारात में जयमाला के दौरान कूलर लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि नामजद अभियुक्त कमलेश निषाद, महेश निषाद, रामभजन निषाद, राममिलन निषाद समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अमीरचंद निषाद को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत 2 मई 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रामभजन निषाद (22 वर्ष) और राममिलन निषाद (19 वर्ष) को रजादेपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो चाकू, दो डंडे और एक लोहे की रॉड बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास इसी मामले से संबंधित है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय यादव, अमित कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)