आजमगढ़ : सीएम योगी के हाथों सम्मानित हुई छात्रा अंशिका यादव

Youth India Times
By -
0





अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर श्रमवीर गौरव समारोह में दिया गया टैबलेट व प्रमाणपत्र
आजमगढ़। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में श्रमवीर गौरव समारोह 2026 का आयोजन किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जनपद के लाइफ लाइन एजुकेशन इंस्टिट्यूट समेंदा में देखा गया। कार्यक्रम के दौरान अटल आवासीय विद्यालय आजमगढ़ की कक्षा 10 की मेधावी छात्रा अंशिका यादव को प्रमाणपत्र और टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्रमिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। साथ ही ग्रेटर नोएडा स्थित हॉस्पिटल के लिए भूमि आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर कहा गया कि श्रमिकों के परिश्रम से प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है और उनका योगदान अमूल्य है। समारोह के दौरान अटल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रयागराज और वाराणसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले श्रमिकों को भी सम्मान मिला। प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां प्रत्येक विद्यालय में लगभग 1000 बच्चों के अध्ययन की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ाना है। उप श्रमायुक्त आजमगढ़ क्षेत्र राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के लिए यह गर्व की बात है कि अंशिका यादव को समारोह में सम्मानित किया गया। उन्होंने श्रमिकों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंजीकरण की प्रक्रिया और उससे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में श्रमिकों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, पेंशन और आवास जैसी सुविधाओं को श्रमिकों के जीवन में महत्वपूर्ण बताया गया। साथ ही सुरक्षित कार्य वातावरण, न्यूनतम मजदूरी, निर्धारित कार्य समय और महिला एवं बाल श्रमिकों के अधिकारों पर भी जानकारी दी गई। श्रम विभाग आजमगढ़ द्वारा श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)