आजमगढ़ : 14 साल की शादी, संतान न होने का ताना, फिर हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत

Youth India Times
By -
0





शरीर पर चोट के निशान देख भड़का मायका पक्ष, दाह संस्कार से पहले पुलिस पहुंची
पति समेत तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रिपोर्ट-आशीष निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र स्थित रतूआपार गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद मायके पक्ष के आरोपों और मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी धनछुला गांव निवासी 36 वर्षीय सिम्पी सिंह की शादी करीब 14 वर्ष पहले रतूआपार गांव के पंकज सिंह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही संतान न होने को लेकर सिम्पी को लगातार ताने दिए जाते थे और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस वजह से घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि बीती रात सिम्पी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने घटना को दबाने का प्रयास करते हुए सुबह जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच शादी में मध्यस्थता करने वाले एक व्यक्ति ने मृतका के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मृतका का मायका पक्ष मौके पर पहुंचा। मृतका के भाई अनूप कुमार सिंह के अनुसार, सिम्पी के शरीर और पेट पर गंभीर चोटों के निशान थे, जो सामान्य हादसे की बजाय किसी हिंसक घटना की ओर इशारा कर रहे थे। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। वहीं, ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया कि सिम्पी रात में हैंडपंप से पानी लेने गई थी, जहां गिरने से उसके सिर में चोट लगी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौके पर मिले हालात और शरीर पर चोट के निशानों ने इस दावे पर संदेह पैदा कर दिया। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता सूर्य प्रकाश सिंह की शिकायत के आधार पर पति पंकज सिंह, देवर विनय सिंह और सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)