आजमगढ़ : आंधी-तूफान और बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश

Youth India Times
By -
0





मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी विभाग अलर्ट मोड में, ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर लोगों को किया जाएगा जागरूक
आजमगढ़। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निदेर्शों के क्रम में जनपद में आगामी मौसम संबंधी परिस्थितियों, आंधी-तूफान, वर्षा एवं संभावित आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। वीसी के उपरांत जिलाधिकारी रविंद कुमार ने जूम मीटिंग के माध्यम से समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर आमजन को मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए ग्राम प्रधानों, लेखपालों, पंचायत सचिवों एवं अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से समय से सूचनाएं लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निकाय एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा सके। साथ ही किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा शासन के दिशा-निदेर्शों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी निदेर्शों का पालन करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)