प्रतिबंधित पशु वध गिरोह का खुलासा, अवैध असलहा व कारतूस बरामद
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुबारकपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित पशु के अवशेष बरामदगी प्रकरण का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 1 मई को लोहरा चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे मिट्टी के भीटा पर प्रतिबंधित पशु के सिर, खाल व अन्य अवशेष बोरे में रखे हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेष बरामद कर पशु चिकित्साधिकारी को सौंप दिया तथा शेष को जमीन में गड़वा दिया। इस मामले में थाना मुबारकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सलमान अहमद (24) निवासी खैराबाद, थाना मोहम्मदाबाद (जनपद मऊ) का नाम सामने आया। 2 मई को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर सीएचसी मुबारकपुर में भर्ती कराया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में थाना मुबारकपुर में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था और मांस बेचता था। घटना की रात भी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक लावारिस पशु को पकड़कर वध किया था, लेकिन लोगों की आहट मिलने पर सभी मौके से फरार हो गए थे। इस पूरी कार्रवाई में थाना मुबारकपुर की पुलिस टीम के कई अधिकारियों व जवानों की सराहनीय भूमिका रही है।






