आजमगढ़ के बीएसए को शासन का नोटिस जारी

Youth India Times
By -
0




लक्ष्य पूरा न होने पर सख्त हुआ शिक्षा विभाग, 8 मई तक मांगा स्पष्टीकरण

आजमगढ़। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के अपेक्षित नामांकन न होने पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा लखनऊ की ओर से आजमगढ़ के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक और बलिया के बीएसए मनीष कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अपर राज्य परियोजना निदेशक प्रेम रंजन सिंह द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि जनपदों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन की प्रगति बेहद खराब रही है। आजमगढ़ में लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 58 प्रतिशत छात्राओं का ही नामांकन हो सका है, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही और शासन के निर्देशों की अवहेलना माना है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि समय से नामांकन कार्य पूरा न किए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की जा सकती है। साथ ही दोनों बीएसए को निर्देश दिया गया है कि वे विद्यालयों में शीघ्र शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराते हुए 8 मई तक अपना कारण सहित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं। आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों की स्थिति पर नजर डालें तो नामांकन के मामले में मऊ सबसे आगे है। मऊ में लक्ष्य के सापेक्ष 89 प्रतिशत छात्राओं का नामांकन हुआ है, जबकि बलिया में 66 प्रतिशत और आजमगढ़ में केवल 58 प्रतिशत नामांकन दर्ज किया गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार आजमगढ़ में 3100 छात्राओं के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 1807 छात्राओं का ही प्रवेश हो सका है। वहीं बलिया में 2900 के लक्ष्य के सापेक्ष 1907 और मऊ में 800 के लक्ष्य के मुकाबले 712 छात्राओं का नामांकन हुआ है। एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन की ओर से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नामांकन की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर महानिदेशक स्तर से नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)