आज़मगढ़ : सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर कार्रवाई की मांग, भारत रक्षा दल ने सौंपा ज्ञापन

Youth India Times
By -
0




अपर निदेशक चिकित्सा को ज्ञापन देकर एक सप्ताह में कार्रवाई की मांग, निजी अस्पतालों में मरीजों के शोषण का लगाया आरोप

आजमगढ़। सरकारी सेवा में कार्यरत डॉक्टरों द्वारा निजी अस्पतालों और स्वयं की क्लीनिक में प्राइवेट प्रैक्टिस किए जाने के विरोध में भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में अपर निदेशक चिकित्सा मंडल आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में तैनात कुछ डॉक्टर खुलेआम निजी अस्पतालों अथवा अपने क्लीनिक में प्रैक्टिस कर रहे हैं। इतना ही नहीं, सरकारी अस्पतालों से मरीजों को दलालों के माध्यम से निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ माह पूर्व माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर चिकित्सा सचिव द्वारा जिला प्रशासन को निर्देश जारी कर सरकारी डॉक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस न करने संबंधी शपथ पत्र लेने को कहा गया था। आरोप लगाया कि डॉक्टरों द्वारा शपथ पत्र दिए जाने के बावजूद यह व्यवस्था केवल कागजी साबित हो रही है और नियमों का खुलेआम उल्लंघन जारी है। जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन मंत्री स्तर और न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होगा। उन्होंने बताया कि अपर निदेशक चिकित्सा ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में धर्मवीर शर्मा, राजन अस्थाना, जैनेंद्र चौहान, हिमांशु सिंह और चंद्रप्रकाश मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)