आजमगढ़ : प्रेम प्रसंग के चलते शादी में मचा बवाल, पुलिस पहुंची तो बरातियों ने किया पथराव

Youth India Times
By -
0





दूल्हे पर युवती ने लगाया प्रेम संबंध का आरोप, सिंदूरदान के बाद दूल्हा-दुल्हन हुए फरार

रिपोर्ट : सर्वेश पांडेय
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में शुक्रवार की शाम एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एक युवती पुलिस के साथ पहुंचकर दूल्हे पर पहले से प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए शादी रुकवाने लगी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और युवती पर पथराव तक कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पटवध कौतुक हरिजन बस्ती निवासी गुद्दुर पुत्र स्व. शिव की पुत्री की शादी गढ़वल गांव थाना मुबारकपुर निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार को बारात धूमधाम से पहुंची और द्वारपूजा समेत कई वैवाहिक रस्में चल रही थीं। इसी दौरान थाना रौनापार क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे बृजेश के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध है और शादी उसी से होनी चाहिए। युवती के आरोप के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने डायल 112 पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थर फेंक दिए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस युवती को लेकर किसी तरह वहां से निकल गई और घटना की सूचना बिलरियागंज थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष वहां से जा चुका था। बताया जा रहा है कि सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर बाराती मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लड़की पक्ष का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों की शादी तय हुई थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दूल्हा विदेश में नौकरी करता है और छुट्टी लेकर शादी के लिए घर आया था। परिवार का आरोप है कि तीन दिन पहले भी वही युवती घर पहुंचकर शादी रुकवाने की धमकी देकर गई थी। इसकी जानकारी लड़के पक्ष को दी गई थी, लेकिन उन्होंने सब ठीक होने का भरोसा दिलाया था। घटना के बाद शादी समारोह में भारी अव्यवस्था फैल गई। लड़की पक्ष ने भोजन, सजावट और अन्य तैयारियों में हुए नुकसान की बात कही है। वहीं सदमे के कारण परिवार की एक महिला और एक युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाना पड़ा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)