आजमगढ़ : 50 हजार का इनामी गैंगस्टर चढ़ा एसटीएफ के हत्थे

Youth India Times
By -
0





गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के कई मामलों में वांछित था मो. लड्डन उर्फ सकलैन
आजमगढ़। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को एसटीएफ वाराणसी ने गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो. लड्डन उर्फ सकलैन को जौनपुर जनपद के शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा गया। गिरफ्तारी इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। आरोपी के कब्जे से मोबाइल कीपैड और 420 रुपये नगद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार 29 मार्च 2026 को थाना पवई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह द्वारा गोकशी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में मो. लड्डन उर्फ सकलैन पुत्र मो. मुनाऊ उर्फ सोहराब निवासी अंबारी नई बस्ती थाना फूलपुर तथा आमिर पुत्र इस्तियाक निवासी कसाई टोला थाना सरायमीर को आरोपी बनाया गया था। जिला मजिस्ट्रेट से गैंगचार्ट अनुमोदित होने के बाद दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में वांछित चल रहे मो. लड्डन उर्फ सकलैन पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद से एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार को एसटीएफ वाराणसी की टीम को सूचना मिली कि आरोपी शाहगंज क्षेत्र में आने वाला है। इसके बाद एसटीएफ टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की मदद से शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर समय करीब 1:15 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 से लेकर 2026 तक थाना पवई और फूलपुर में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले पंजीकृत हुए हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ वाराणसी के उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव, उपनिरीक्षक विनय कुमार मौर्या, मुख्य आरक्षी रविशंकर यादव, रविशंकर सिंह तथा कमांडो धीरेन्द्र चौबे शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)