अगले तीन-चार दिन बारिश और तेज हवाओं के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के बाद सोमवार को प्रदेशभर में तेज धूप खिली, जिससे गर्मी और उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और आगरा में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से मंगलवार को पश्चिमी यूपी, दिल्ली से सटे जिलों और तराई क्षेत्रों के करीब 38 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से अगले तीन-चार दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, खासकर तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि इसके बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश के सबसे गर्म जिले: बांदा – 41.6 डिग्री सेल्सियस, झांसी – 40.7 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज – 40.4 डिग्री सेल्सियस, आगरा – 39.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी – 39.6 डिग्री सेल्सियस। इन जिलों में अलर्ट जारी: श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।






