मंडई में बंधी बछिया भी झुलसी, भारी मात्रा में हुआ आर्थिक नुकसान
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के अदरशपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक मंडई में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। गांव निवासी रामेश्वर चौहान उर्फ गब्बर, जो किराना और सब्जी की दुकान चलाते हैं, ने अपने घर के पास मंडई बना रखी थी जिसमें मवेशियों को बांधा जाता था और अन्य सामान भी रखा जाता था। अचानक धुआं उठता देख ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मंडई में रखा भूसा, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। एक बंधी हुई पड़िया (बछिया) भी झुलस गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है और गांव में दहशत का माहौल रहा।





