डाक बंगला के पास देर रात हुई दुर्घटना, दो युवक घायल; पुलिस ने मामला किया दर्ज
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की ट्रेलर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, जीयनपुर कस्बा आजाद नगर बाग निवासी मुफीद (25) पुत्र शब्बीर खालिस बाजार में सामान पहुंचाकर बुधवार रात करीब 10:30 बजे वापस घर लौट रहा था। घर से महज आधा किलोमीटर पहले डाक बंगला जीयनपुर के समीप ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मुफीद ट्रेलर के नीचे आ गया और कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता शब्बीर, मां तैबुनिशा और भाई आफताब अहमद समेत पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार सत्यम यादव और हिमांशु यादव (निवासी महाराजगंज) घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सत्यम को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई आफताब की तहरीर पर जीयनपुर पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के साथ-साथ बाइक सवार सत्यम यादव और हिमांशु यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक मुफीद जीयनपुर कस्बे में समोसे की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह छह भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।





