वृद्ध महिला का आरोप: डेढ़ लाख के नुकसान का दावा, जिलाधिकारी से पुनर्निर्माण और मुआवजे की लगाई गुहार
आजमगढ़। जनपद की सगड़ी तहसील क्षेत्र के मिरिया रेडहा गांव निवासी वृद्ध महिला बच्ची देवी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान उनके मकान की दीवार और कर (छप्पर/संरचना) को तोड़ दिया गया था। प्रार्थिनी के अनुसार, वह अपने चक संख्या 778 पर बने मकान में निवास करती हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा उनकी दीवार और करकट को हटवा दिया गया था और मौके पर आश्वासन दिया गया था कि इसे सरकारी खर्च से दोबारा बनवा दिया जाएगा। महिला का कहना है कि इस घटना में उनका लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक न तो कोई निर्माण कार्य कराया गया है और न ही मुआवजा दिया गया है। बच्ची देवी ने बताया कि वह कई बार संबंधित अधिकारियों के पास जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनके टूटे हुए मकान का पुनर्निर्माण कराया जाए या उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। वृद्ध महिला ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर न्याय दिलाने की अपील की है।






