पुलिस ने राइफल कब्जे में लेकर शुरू की जांच, फॉरेंसिक टीम ने किया मौके का निरीक्षण
भदोही। भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के सारीपुर गांव में शनिवार को एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय ज्वाला सिंह के 56 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार सिंह उर्फ अन्नू ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अन्नू सिंह शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वाराणसी से अपने गांव सारीपुर पहुंचे थे। घर पहुंचते ही वह सीधे मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी राइफल से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी, लेकिन जब नौकर खाना लेकर कमरे में पहुंचा तो उसने अन्नू सिंह को खून से लथपथ हालत में मृत पाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर गोपीगंज पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और राइफल को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई संजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अन्नू सिंह पिछले तीन वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। पुलिस इसी आधार पर मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि अन्नू सिंह एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता स्वर्गीय ज्वाला सिंह और चाचा दिनेश सिंह ज्ञानपुर क्षेत्र के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। अन्नू सिंह स्वयं भी वर्ष 2005 में केएनपीजी कॉलेज से छात्रसंघ चुनाव लड़ चुके थे।






