सोते रहे परिवारजन, नशीला पदार्थ इस्तेमाल की आशंका; पुलिस जांच पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
आज़मगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ तीन घरों में चोरी कर ली। घटना के समय सभी परिवारजन घर के अंदर सो रहे थे और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सेवानिवृत्त मिलिट्री कर्मचारी ध्रुव नारायण सिंह, लाल बहादुर सिंह और संगीता सिंह (पत्नी गुलाब सिंह) के घरों को निशाना बनाया। तीनों घरों से करीब 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का अनुमान है। परिजनों का आरोप है कि चोरों ने घर के भीतर नशीला स्प्रे या किसी पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे सभी लोग गहरी नींद में सोते रहे। सर्वेश राज सिंह ने बताया कि घटना तीन घरों में हुई, लेकिन किसी को रात में कोई आहट तक नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो डॉग स्क्वॉड बुलाया गया और न ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित आकाश सिंह के अनुसार, रात करीब 1 से 3 बजे के बीच चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुसे और मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, पायल समेत नकदी चोरी कर ली। इसके बाद अन्य दो घरों में भी इसी तरह वारदात को अंजाम दिया गया। संगीता सिंह ने बताया कि सुबह उठने पर दरवाजे खुले मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। वहीं लाल बहादुर सिंह ने कहा कि निर्माणाधीन मकान का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और बक्से समेत कीमती सामान उठा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है। गौरतलब है कि घटना स्थल से चंद कदम की दूरी पर हाल ही में एक पुलिस सहायता केंद्र खोला गया है, जिसका उद्घाटन 18 मार्च को किया गया था। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।






