आपस में शादी की जिद पर अड़ी दो युवतियां

Youth India Times
By -
0




समलैंगिक संबंध ने खड़ा किया सामाजिक और कानूनी सवाल, पुलिस ने भी खड़े किए हाथ

मुरादाबाद। जिले के बिलारी कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सामाजिक मान्यताओं और पारिवारिक परंपराओं को झकझोर कर रख दिया। दो युवतियों के बीच पनपे समलैंगिक प्रेम और शादी की जिद ने परिवारों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी असहज स्थिति में डाल दिया। मामले की शुरुआत रुद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री से हुई, जहां बिलारी क्षेत्र की एक युवती काम करने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात आरा की रहने वाली दूसरी युवती से हुई। साथ काम करते-करते दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कई महीनों से साथ रह रही थीं और एक-दूसरे को जीवनसाथी मान चुकी थीं। जब स्थानीय युवती लंबे समय तक घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसे शादी का झूठा बहाना बनाकर घर बुलाया। युवती अपनी साथी के साथ घर पहुंची, जहां उनके रिश्ते की सच्चाई सामने आते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने समाज और मान-मर्यादा का हवाला देकर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अडिग रहीं। रविवार को विवाद बढ़ने पर परिजन दोनों को लेकर थाने पहुंचे, जहां घंटों तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने जब दोनों के दस्तावेज जांचे, तो पता चला कि वे बालिग हैं। युवतियों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने का संवैधानिक अधिकार है। पुलिस अधिकारियों ने भी कानून का हवाला देते हुए परिजनों को समझाया कि बालिग होने के कारण वे दोनों की इच्छा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकते। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जबरन रोकना या कहीं ले जाना कानूनन अपराध होगा। आखिरकार, पुलिस ने दोनों युवतियों को उनकी मर्जी से रहने की अनुमति दे दी। इसके बाद परिजन निराश नजर आए, जबकि दोनों युवतियां एक-दूसरे का हाथ थामे अपनी नई जिंदगी की ओर निकल गईं। यह घटना अब क्षेत्र में सामाजिक और कानूनी बहस का विषय बन गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)