आजमगढ़। जहानागंज ब्लॉक के टेल्हुआ चकवली गांव के होनहार बालक साईं विवान सिंह ने महज 9 वर्ष की उम्र में मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आयोजित अल्फा स्टार स्पेलिंग परीक्षा 2025-26 में स्टेट लेवल पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने नेशनल लेवल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। साईं विवान सिंह सेंट अर्नाल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा दो के छात्र हैं। उनके पिता दीपक सिंह और माता रंजन सिंह हैं। परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन में साईं पिछले कई महीनों से परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटी उम्र में भी लगन और मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। इस सफलता से साईं के बड़े भाई युवराज सिंह सहित पूरा परिवार बेहद उत्साहित है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी गर्व का माहौल है कि उनके गांव के बच्चे ने दूसरे राज्य में जाकर यूपी का नाम रोशन किया है। बताया जाता है कि साईं विवान सिंह, जहानागंज भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह के भतीजे हैं। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में पहुंची, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। राकेश सिंह के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया, जहां सैकड़ों लोग पहुंचकर परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं। बधाई देने वालों में हरिद्वार सिंह, आजाद सिंह, श्याम सिंह, आलोक सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने साईं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है। ग्रामीणों का कहना है कि साईं विवान सिंह आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उनकी यह सफलता पूरे आजमगढ़ और उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है।






