आजमगढ़ : प्रधान पर भीड़ संग जानलेवा हमला, बंदूक तानकर हत्या की कोशिश का आरोप

Youth India Times
By -
0





व्हाट्सएप पर धमकी के बाद सैकड़ों लोगों के साथ पहुंचे हमलावर; वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियाव गांव में ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले व्हाट्सएप के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई और अगले ही दिन दर्जनों लोगों के साथ पहुंचकर हमला कर दिया गया। पीड़ित ने नामजद आरोपियों समेत करीब 90-100 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सठियांव गांव निवासी ग्राम प्रधान अमित राय पुत्र स्वर्गीय विभव नारायण राय ने आरोप लगाया है कि 18 अप्रैल 2026 को उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी दमोदरपुर निवासी कमलेश्वर दुबे तथा मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरथी जाफरपुर निवासी सत्यानंद चौबे द्वारा दी गई। पीड़ित के मुताबिक, धमकी के अगले दिन 19 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे दोनों नामजद आरोपी अपने लगभग 90 से 100 अज्ञात साथियों के साथ उनके घर और प्लॉट पर पहुंचे। सभी हमलावर लाठी-डंडों और अवैध असलहों से लैस थे। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। अमित राय का कहना है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और उन पर बंदूक तानकर गोली मारने का प्रयास भी किया। घटना के दौरान खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे परिवार के लोग भयभीत हो गए। घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है और किसी भी समय बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि घटना का वीडियो साक्ष्य मौजूद है, जिसमें आरोपी बंदूक तानकर जान लेने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह वीडियो पुलिस को सौंपने की बात कही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। अमित राय ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नामजद और अज्ञात सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। साथ ही उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)