आजमगढ़ : साथी ने ही चाकू से हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट

Youth India Times
By -
0





मामूली कहासुनी ने लिया खौफनाक रूप, पुलिस मौके पर पहुंची

आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चक सिकठी इस्लामपुरा में शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे एक युवक की उसके ही साथी द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 21 वर्षीय हस्सान अहमद अपने साथी इरफान के साथ घर के सामने बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इरफान ने अचानक चाकू निकालकर हस्सान पर हमला कर दिया। घटना के बाद हस्सान की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। पिता नौशाद ने देखा कि आरोपी घायल हस्सान को घसीट रहा था। परिजनों ने किसी तरह उसे छुड़ाया और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक हस्सान अहमद पेशे से बुनकर था और सात भाइयों में पांचवें नंबर पर था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)