भाजपा विधायक के भाई व ब्लॉक प्रमुख ने थामा सपा का दामन

Youth India Times
By -
0

 






पत्नी के साथ लखनऊ में ली समाजवादी पार्टी की सदस्यता
हसनपुर (अमरोहा)। हसनपुर से भाजपा विधायक महेंद्र खड़गवंशी के छोटे भाई एवं गंगेश्वरी ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र खड़गवंशी ने भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपनी पत्नी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख निवेश देवी के साथ लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने सपा का दामन थामा। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और संगठन में उचित जिम्मेदारी देने का भरोसा भी दिलाया। राजेंद्र खड़गवंशी गंगेश्वरी क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उनके इस कदम से हसनपुर और आसपास के क्षेत्रों की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, राजेंद्र खड़गवंशी लंबे समय से संगठन में उपेक्षा को लेकर नाराज चल रहे थे। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने यह बड़ा राजनीतिक निर्णय लिया। उनकी पत्नी निवेश देवी भी पूर्व में ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम से हसनपुर क्षेत्र के सियासी समीकरणों में बदलाव संभव है और आने वाले समय में इसका असर स्थानीय चुनावों पर भी देखने को मिल सकता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)