आजमगढ़ : अवैध सोनोग्राफी सेंटर पर कार्रवाई की मांग

Youth India Times
By -
0





भाजपा मंडल अध्यक्ष ने CMO को सौंपा शिकायत पत्र
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। फूलपुर क्षेत्र में संचालित एक सोनोग्राफी सेंटर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रत्नेश कुमार बिन्द ने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को पत्र सौंपकर “जनता सोनोग्राफी सेंटर” के खिलाफ जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि उक्त सोनोग्राफी सेंटर का संचालन नियमों के विपरीत किया जा रहा है। सेंटर का पंजीकरण डॉ. अफजाल अहमद के नाम पर बताया गया है, जो एक जनरल सर्जन हैं, लेकिन वह स्वयं सेंटर पर उपस्थित नहीं रहते। आरोप है कि यहां जांच का कार्य टेक्नीशियन के जरिए कराया जा रहा है, जिससे गलत रिपोर्ट तैयार होने की आशंका बनी रहती है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब भी जांच टीम पहुंचती है, सेंटर को बंद कर दिया जाता है। मंडल अध्यक्ष ने कुछ मामलों का हवाला देते हुए बताया कि मरीजों को गलत रिपोर्ट देकर भ्रमित किया गया, जिससे उनकी जान तक जोखिम में पड़ सकती थी। एक मामले में अनारा देवी की रिपोर्ट में पित्त की पथरी बताकर ऑपरेशन कराया गया, जबकि दूसरी जांच में कैंसर की बात सामने आई। वहीं, एक अन्य मामले में रागिनी नामक मरीज को अलग-अलग समय पर अलग-अलग रिपोर्ट दी गई, जबकि अन्य सेंटरों पर जांच कराने पर रिपोर्ट सामान्य पाई गई। रत्नेश कुमार बिन्द ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सेंटर को सील किया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को भी प्रेषित की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)