गोरखपुर। शादी का झांसा देकर राजस्थान के कोटा जिले के एक परिवार से लूट करने वाले गिरोह में शामिल कथित लुटेरी दुल्हन की पहचान हो गई है। जांच में सामने आया है कि युवती मूल रूप से फतेहपुर जिले की रहने वाली है और गोरखपुर के एम्स इलाके के कूड़ाघाट में किराये के कमरे में रह रही थी। घटना के बाद वह कमरा छोड़कर फरार हो गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है, जबकि उसकी कथित बहन की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस कूड़ाघाट स्थित मकान तक पहुंची, जहां पूछताछ में पता चला कि वह कुछ समय से वहां रह रही थी, लेकिन घटना के बाद अचानक गायब हो गई। पुलिस को शक है कि वह गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में रहकर अलग-अलग स्थानों पर छिप रही है। इस मामले में पुलिस पहले ही हिस्ट्रीशीटर समेत गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि मुख्य आरोपी युवती की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। घटना के अनुसार, कोटा निवासी मुकेश मीणा अपने भाई की शादी के लिए लड़की तलाश रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात हरियाणा निवासी राजू शर्मा से हुई, जिसने गोरखपुर की तीन लड़कियों के फोटो दिखाए। एक लड़की पसंद आने पर शादी तय कर दी गई। 12 मार्च को परिवार गोरखपुर पहुंचा, जहां चिलुआताल क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह के घर पर फर्जी तरीके से शादी की रस्में कराई गईं। जयमाल के तुरंत बाद अंकुर सिंह ने खुद को दरोगा बताते हुए अपने साथियों को सिपाही और होमगार्ड के रूप में पेश किया। फर्जी आईकार्ड दिखाकर परिवार को अवैध शादी का डर दिखाया गया और बंधक बनाकर रुपये मांगे गए। डर के कारण पीड़ित ने अपने घर फोन कर पैसे मंगवाए, जिसके बाद आरोपी करीब तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। जांच में सामने आया कि फर्जी मौसी बनी शैला देवी ने 20 हजार रुपये और बहन बनी युवती ने 15 हजार रुपये लिए थे। 13 मार्च को हुई इस घटना में कोटा में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला गोरखपुर के चिलुआताल थाने में ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.66 लाख रुपये नकद और फर्जी पुलिस पहचान पत्र बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस फरार लुटेरी दुल्हन और उसकी सहयोगी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।






