बेटी की सफलता उसके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम : पूजा सिंह
आजमगढ़। आईसीएससी बोर्ड परीक्षा में ज्योति निकेतन स्कूल की इंटरमीडिएट की pcm की छात्रा अविका सिंह पुत्री रवि शंकर सिंह व पूजा सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 94.97% अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। अविका सिंह की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने निरंतर समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए यह मुकाम हासिल किया। सफलता के बाद परिजनों और शुभचिंतकों ने अविका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। अविका सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। बेटी की सफलता पर पूजा सिंह ने कहा कि हमारी बेटी अविका ने जो सफलता हासिल की है, वह उसके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उसने शुरू से ही पढ़ाई को लेकर बहुत गंभीरता दिखाई और हर दिन नियमित रूप से तैयारी करती रही। एक मां के रूप में मुझे उस पर गर्व है कि उसने अपने लक्ष्य को पाने के लिए कभी हार नहीं मानी। हमने हमेशा उसे प्रोत्साहित किया कि वह अपनी मेहनत पर विश्वास रखे और ईमानदारी से प्रयास करे। उसके शिक्षकों का भी इसमें बहुत बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने सही मार्गदर्शन दिया। आज उसकी इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। हम यही कामना करते हैं कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत करती रहे और अपने जीवन में ऊंचाइयों को छुए।”






