आजमगढ़। सन शाइन स्कूल में कक्षा 10 के मेधावी छात्रों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों के साथ उनके अभिभावकों की भी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रामबदन यादव, प्रबंधक रामप्रवेश यादव एवं प्रधानाचार्य शेषमणि मिश्रा ने छात्रों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से छात्र इस मुकाम तक पहुंचे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों एवं माता-पिता को दिया। कार्यक्रम में को-ऑर्डिनेटर मोहिनी शुक्ला सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को छात्रों के उत्साहवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह समारोह छात्रों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार साबित हुआ।






