आजमगढ़ : कूटरचित दस्तावेज से दूसरा पासपोर्ट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





नाम व जन्मतिथि बदलकर बनवाया था नया पासपोर्ट
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर दूसरा पासपोर्ट बनवाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक दयानंद द्वारा लिखित सूचना दी गई थी कि थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम सदरपुर बरौली निवासी प्रमोद कुमार गौड़ पुत्र देवीचरन गौड़ ने अपने नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर पासपोर्ट बनवाया है। जांच में पता चला कि आरोपी ने वर्ष 2007 में प्रमोद कुमार गौर पुत्र देवीचरन गौर, जन्मतिथि 30 अप्रैल 1978 के नाम से पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी वैधता 2017 तक थी। पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने पर 14 अगस्त 2017 को पासपोर्ट का नवीनीकरण कराया गया, जिसकी वैधता 13 अगस्त 2027 तक है। इसके बाद आरोपी ने अपना नाम और जन्मतिथि बदलकर दूसरा पासपोर्ट संख्या व6288024 बनवा लिया, जो कूटरचना और भ्रामक तथ्यों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने की श्रेणी में आता है। मामले के प्रकाश में आने पर थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 55/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार द्वारा की जा रही है। रविवार को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान वांछित आरोपी प्रमोद कुमार गौड़ (उम्र लगभग 43 वर्ष) को उसके घर के बाहर ग्राम सदरपुर बरौली से सुबह लगभग 8:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वासुदेव मिश्रा और कांस्टेबल विशाल गौड़ शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज यह मुकदमा ही उसका आपराधिक इतिहास है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)