आजमगढ़ : बिगड़ैल सांड के हमले में किसान की मौत, गांव में दहशत

Youth India Times
By -
0





सरसों की कटाई पर जाते समय हुआ हादसा, घायल को अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के सेर्रा गांव में बुधवार सुबह करीब पौने आठ बजे एक बेसहारा (छुट्टा) सांड के हमले में 55 वर्षीय लालचंद गोड़ की मौत हो गई। वह सरसों की फसल की कटाई करने के लिए अपने रिक्शा-ट्रॉली से खेत जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही लालचंद गांव के सिवान में पहुंचे, अचानक एक बिगड़ैल सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह सांड को भगाया। ग्रामीणों की मदद से घायल लालचंद को मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी बेइला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। लालचंद गोड़ चार बच्चों के भरण-पोषण के लिए दाना भूनने का काम करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त सांड पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है, जिससे गांव में भय का माहौल है। गांव में गौशाला होने के बावजूद छुट्टा पशुओं का खुलेआम घूमना लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र अनिल कुमार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)