ससुर से की मारपीट, पहुंची पुलिस ले गई अपने साथ
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में रविवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद के मामले में चल रहे मुकदमे के बीच दामाद ने ससुराल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि वह आधी रात को घर का दरवाजा पीटते हुए गाली-गलौज करने लगा और दरवाजा खुलते ही ससुर के साथ मारपीट की। मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम मडया जयराम निवासी श्रवण कुमार पुत्र बालकरन सेठ ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री की शादी लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी चन्दन सोनी पुत्र कमल किशोर सोनी के साथ हुई थी। शादी के बाद उत्पन्न विवाद के चलते मामला परिवार न्यायालय में वाद संख्या 229/26 के रूप में विचाराधीन है। पीड़ित के अनुसार 1 मार्च 2026 की रात करीब 11:50 बजे चन्दन सोनी उनके घर पहुंचा और दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा। साथ ही गाली-गलौज करते हुए बाहर निकलने की चुनौती देने लगा। शोर-शराबा सुनकर जब श्रवण कुमार ने दरवाजा खोला और आरोपी से कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है तथा निर्णय का इंतजार करना चाहिए, तो वह उग्र हो गया। आरोप है कि उसने धक्का देकर जबरन घर में प्रवेश किया और लात-घूंसों से मारपीट करने लगा। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को अपने साथ ले गई। जाते समय आरोपी ने श्रवण कुमार और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी के इस व्यवहार से पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






