कार की चपेट में आ गई थी साइकिल सवार दो बहनें, एक की हालत अब भी गंभीर
आजमगढ़। मार्ग दुर्घटना की शिकार किशोरी अन्तत: जिन्दगी और मौत के बीच लड़ रही जंग को हार गई। इलाज के दौरान मौत की खबर आने के बाद परिजनों में जहां कोहराम मच गया वहीं पूरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। बताते चलें कि देवगांव कोतवाली क्षेत्र के भीरा चौराहा पर आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 13 वर्षीय खुशी की मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोफीपुर गांव निवासी संध्या (16 वर्ष) और उसकी छोटी बहन खुशी (13 वर्ष) रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे साइकिल से लालगंज बाजार दवा लेने जा रही थीं। जब दोनों बहनें भीरा चौराहा पर आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पार कर रही थीं, तभी आजमगढ़ की ओर से वाराणसी जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बहनें साइकिल समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को उठाकर सौ सैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों को वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां रविवार की शाम इलाज के दौरान 13 वर्षीय खुशी ने दम तोड़ दिया। वहीं बड़ी बहन संध्या की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा है। बेटी की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिजनों में मातम छा गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे की खबर से शोक का माहौल है। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार और चालक को कब्जे में ले लिया गया है तथा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





