आजमगढ़ : खेत से चोरी हुआ किर्लोस्कर पम्पसेट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0




एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद

आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने खेत से किर्लोस्कर पम्पसेट चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पम्पसेट बरामद कर लिया है। वहीं एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम भीरा निवासी मजनू सरोज ने 6 मार्च 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 5 मार्च की रात अज्ञात व्यक्ति उनके खेत में लगा 5 हार्स पावर का किर्लोस्कर इंजन (पम्पसेट) चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक रितेश खरवार अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर त्रिवेणी मोड़ पर पहुंच गए। यहां से पुलिस ने ग्राम भीरा निवासी पवन पुत्र नरसू सरोज और किशन सरोज पुत्र राजाराम को सुबह करीब 4:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पवन के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 मार्च को खेत से पम्पसेट चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी गया किर्लोस्कर पम्पिंग सेट बरामद कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(1) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं पवन के खिलाफ अवैध तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)