डीआईजी व एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त, आमजन से भाईचारा बनाए रखने की अपील
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
आजमगढ़। आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद में व्यापक सुरक्षा तैयारियों के तहत फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस उप-महानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस एवं पीएसी बल के साथ नगर क्षेत्र में मार्च किया गया। फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर महिला अस्पताल, बेस्ली, चौक, चकिया, पहाड़पुर सहित अन्य घनी आबादी एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित अन्य अधिकारी, महिला पुलिस बल, थाना कोतवाली पुलिस एवं पीएसी के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर होली और रमजान के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मस्जिदों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासनादेश के अनुरूप निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाना अनिवार्य होगा। जनपद आजमगढ़ पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को निरंतर क्षेत्र भ्रमण कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और आमजन से दोनों पावन अवसरों को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।







