रिपोर्ट : आरपी सिंह
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में थे तैनात, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मेजवा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में ड्यूटी के दौरान शनिवार की रात करीब 8 बजे एक पीआरडी जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव निवासी अमर सिंह यादव (54) की हाल ही में एक फरवरी को मेजवा स्थित विद्यालय में तैनाती हुई थी। शनिवार रात ड्यूटी के दौरान उनके शरीर में अचानक गर्मी और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी। विद्यालय की वार्डन रीता और सुरक्षा गार्ड रमेश ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। अमर सिंह यादव अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। तीनों बच्चे अविवाहित हैं। घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर है।





