त्योहार से पहले खातों में नहीं पहुंची सैलरी, कर्मचारियों में नाराजगी
प्रशासन से शीघ्र भुगतान की मांग, एडीओ पंचायत बोले- पेरोल समय से भेजा गया
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जिले के फूलपुर ब्लॉक के 157 सफाई कर्मियों की इस बार होली फीकी रहने की आशंका है। कारण यह है कि होली से पूर्व अब तक उनके खातों में वेतन नहीं पहुंच सका है। पूर्व वर्षों में शासन के सख्त निर्देश पर त्योहारों से पहले कर्मचारियों का वेतन समय से खातों में भेज दिया जाता था। साथ ही अंत्योदय कार्ड धारकों को दो किलो चीनी वितरण का भी आदेश रहता था। इस वर्ष 3 और 4 मार्च को होली मनाई जानी है, जबकि 28 फरवरी से लगातार अवकाश पड़ने और 5 मार्च को सरकारी कार्यालय खुलने के कारण वेतन भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है। सफाई कर्मियों का कहना है कि महीने के अंतिम समय में आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर रहती है। ऐसे में वेतन न आने से परिवार के सामने कठिनाई खड़ी हो गई है। सफाई कर्मी राम आधार, अशोक कुमार, सुभाष यादव, दानबीर, संदेश, रिंकू, नीलांजली, करिश्मा चौरसिया, करिश्मा यादव, श्रेया चौधरी सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व वर्षों में त्योहार से पहले वेतन मिलने से वे परिवार के साथ खुशी-खुशी होली मनाते थे। बच्चों के लिए रंग, पिचकारी, मिठाई, खोवा, चिप्स-पापड़ आदि की व्यवस्था कर पाते थे, लेकिन इस वर्ष वेतन न मिलने से बाजार से उधार लेने की नौबत आ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि कुछ सामान उधार मिल भी जाए, लेकिन सभी जरूरतें उधार से पूरी नहीं हो सकतीं। ऐसे में त्योहार की उमंग फीकी पड़ती नजर आ रही है। सफाई कर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र वेतन भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि वे भी अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना सकें। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत, फूलपुर, राम मिलन ने बताया कि त्योहार को देखते हुए 10 दिन पहले ही सफाई कर्मियों का पेरोल हस्ताक्षर कर जिला मुख्यालय भेज दिया गया था। वेतन समय से मिल जाए, इसके लिए प्रक्रिया पूरी कर दी गई थी। किस कारण से भुगतान नहीं पहुंचा, यह जिला स्तर से ही स्पष्ट हो सकेगा।






