आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमपुर चकिया मोड़ के पास बुधवार सुबह लगभग 10 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला और आठ माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहां गांव निवासी संदीप राम (20) पुत्र मखंचू राम अपनी बहन मनीषा (22) और आठ माह के श्रेयांश को बाइक से किसी कार्य से आजमगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वे आजमपुर चकिया मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही अल्ट्रोज कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान मनीषा और मासूम श्रेयांश ने दम तोड़ दिया। संदीप का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर के पास बुधवार दोपहर अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में जहानागंज थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई। वह अपने साथी 18 वर्षीय प्रभात के साथ बाइक से सिधारी होली का सामान लेने आया था। लौटते समय अमित बाइक चला रहे थे और प्रभात पीछे बैठा था। इसी क्रम में रानी की सराय क्षेत्र के सोनवारा गांव में पोखरी में डूबने से 15 वर्षीय रमन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पोखरी में अन्य लोग भी स्नान कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आजमगढ़ : तीन अलग-अलग हादसों में मासूम सहित चार की मौत, कई घायल
By -
Wednesday, March 04, 2026
0
Tags:






