आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर गांव की रहने वाली 25 वर्षीय प्रिया चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार प्रिया का पिछले तीन-चार वर्षों से एक रेस्टोरेंट संचालक के साथ प्रेम संबंध था। बृहस्पतिवार दोपहर प्रेमी ने उसे रेस्टोरेंट पर मिलने के लिए बुलाया, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रेमी ने प्रिया के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि घटना के बाद प्रिया ने जहर का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सिधारी स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने प्रेमी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






