टूटी दलीय सीमाएं, सामाजिक समरसता का दिखा अनोखा रंग
चंदन तिलक और गुलाब की पंखुड़ियों से सजी होली, कलाकारों की प्रस्तुति ने बरसाने की दिलाई याद
आजमगढ़। जिले के जाफरपुर स्थित पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रवीण सिंह की मंडई पर आयोजित होली मिलन समारोह में इस बार सामाजिक समरसता और सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां दलीय सीमाएं टूटती नजर आईं। सोमवार की शाम कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके बाद आयोजक प्रवीण सिंह ने अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक संग्राम यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव को चंदन का तिलक लगाकर तथा गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ गले मिलकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कलाकार राजेश रंजन को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद कलाकारों ने राधा-कृष्ण स्वरूप में मनमोहक होली गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रस्तुतियों ने वृंदावन और बरसाने की होली की झलक ताजा कर दी। समारोह की खास बात यह रही कि यहां रंग-गुलाल के बजाय गुलाब के फूलों से होली खेली गई। अतिथियों का स्वागत चंदन के तिलक से किया गया, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, बुद्धिजीवियों और छात्र राजनीति से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा गुड्डू, कांग्रेस, बसपा सहित विभिन्न दलों के नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में आयोजक प्रवीण सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र नेता और समाजसेवी भी उपस्थित रहे।






.jpg)