होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक : डीपी मौर्य, प्रबंधक
आजमगढ़। तिवारीपुर सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में होली का त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल, फूलों की खुशबू और बच्चों की खिलखिलाहट से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती के श्लोक और वंदना के साथ की गई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके बाद नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के नन्हें बच्चों ने फूलों की होली खेलकर मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में मंच पर आकर सभी का दिल जीत लिया। खास आकर्षण तब देखने को मिला जब बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नजर आए। उन्होंने फूलों, अबीर और गुलाल के साथ होली खेलते हुए मनभावन प्रस्तुतियां दीं। उनकी मासूम अदाओं और रंग-बिरंगी छटा ने पूरे विद्यालय परिसर को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधक डीपी मौर्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व हमें मिल-जुलकर रहने, आपसी मतभेद भुलाने और समाज में समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का भी त्योहार है। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य, कोआॅर्डिनेटर आनंद मौर्य सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आगामी अवकाश की खुशी भी साझा की। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा का ही केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोने का भी सशक्त माध्यम है।




