चयनित पहलवान 1 से 3 अप्रैल तक वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
आजमगढ़। जिला कुश्ती संघ आजमगढ़ एवं जिला खेल कार्यालय आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तरीय U20 पुरुष एवं महिला वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 7 मार्च (शनिवार) को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के तहत खिलाड़ियों का वजन सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक लिया जाएगा, जबकि दोपहर 12:00 बजे से कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत होगी। प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल पुरुष एवं महिला वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। जिला कुश्ती संघ के सचिव प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही चयनित पहलवान आगामी U20 पुरुष/महिला राज्य कुश्ती प्रतियोगिता, जो 1 अप्रैल से 3 अप्रैल 2026 तक वाराणसी में आयोजित होगी, में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता में वजन के दौरान खिलाड़ियों को 1 किलोग्राम की छूट दी जाएगी। वर्ष 2006 से 2008 (18 से 20 वर्ष) एवं वर्ष 2009 (17 वर्ष) के खिलाड़ी चिकित्सा प्रमाण पत्र एवं अभिभावक के प्रमाण पत्र के साथ भाग ले सकेंगे। आयु एवं अधिवास का सत्यापन आधार कार्ड या पासपोर्ट के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक पहलवान अपने निर्धारित वजन के साथ स्टेडियम पहुंचकर एंट्री कर सकते हैं। एंट्री के समय खिलाड़ियों को निःशुल्क एंट्री फॉर्म, मान्य आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए संयुक्त सचिव सत्यवान यादव से मोबाइल नंबर 09451512349 पर संपर्क किया जा सकता है।






