आजमगढ़ : 31 वर्ष की सेवा के बाद कैप्टन शिवकुमार यादव का गांव सुराई में भव्य स्वागत

Youth India Times
By -
0





लेह-लद्दाख से सेवानिवृत्त होकर लौटे पूर्व सैनिक का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ किया सम्मान
आजमगढ़। जिले के सठियांव क्षेत्र के ग्राम सुराई में उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला जब भारतीय सेना से कैप्टन पद से सेवानिवृत्त होकर अपने गांव लौटे शिवकुमार यादव का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। गांव के लोगों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन कर उनके द्वारा देश की सेवा को सम्मान दिया। शिवकुमार यादव, पुत्र हरिप्रसाद यादव (सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर), वर्ष 1995 में भारतीय सेना में सैनिक टेक्निकल पद पर चयनित हुए थे। इसके बाद उन्होंने देश की सेवा करते हुए लगभग 31 वर्षों तक सेना में विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। अपने लंबे और गौरवपूर्ण सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और अंतत: कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह लेह-लद्दाख से लखनऊ पहुंचे, जहां से तीन मार्च को सुबह अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचे। गांव सुराई पहुंचते ही ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि शिवकुमार यादव ने अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके सैन्य जीवन से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी कि वे भी देश की सेवा के लिए आगे आएं। वहीं कैप्टन शिवकुमार यादव ने ग्रामीणों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव रहा है और आगे भी वे समाज तथा गांव के विकास के लिए हर संभव योगदान देने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर शेर बहादुर यादव, रवीन्द्रनाथ यादव, राघवेन्द्र यादव, धीरेन्द्र यादव, जितेन्द्र यादव, संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर अपने गांव के इस वीर सपूत का स्वागत किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)